बस्तर सांसद दीपक बैज ने लोकसभा में उठाया रायपुर जगदलपुर फोरलेन का मामला

by Umesh Paswan

परिवहन मंत्री गडकरी ने दी कार्य प्रगति की जानकारी…

लोकसभा दिल्ली/बस्तर सांसद दीपक बैज ने लोकसभा में लिखित प्रश्न के माध्यम से एन.एच. 30 को फोरलेन बनाने का मामला उठाया है। साँसद बैज बस्तर की सड़क,रेल,हवाई सुविधा के लिए लगातार मांग उठाते रहे हैं।

सांसद दीपक बैज ने प्रश्न किया कि क्या सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री यह बताने की कृपा करेंगे कि रायपुर से धमतरी और जगदलपुर को राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 30 के चार लेन वाले मार्ग में बदलने के संबंध में वर्तमान स्थिति क्या है। इस हेतु अब तक निर्धारित और हासिल किए गए लक्ष्य क्या हैं। क्या इस मार्ग पर केशकाल घाटी बस्तर के निकट बाईपास निर्माण का प्रस्ताव है और यदि हां तो संबंधी ब्यौरा क्या है और उक्त परियोजना के संबंध में लागत कितनी बढ़ गई है तथा प्रारंभिक लागत और बढ़ी हुई लागत का ब्यौरा क्या है। बस्तर सांसद के प्रश्न के जवाब में सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने कहा कि रायपुर से धमतरी तक चार लेन का कार्य चल रहा है। इसके अलावा कांकेर बेडमा खंड को छोड़कर धमतरी से जगदलपुर खंड को दो लेन का बनाने का काम पूरा कर लिया गया है। उन्होंने बताया कि रायपुर धमतरी खंड के फोरलेन के कार्य को दो निर्माण पैकेज में विभाजित किया गया है अर्थात रायपुर कोडेबोड और कोडेबोड धमतरी। वर्तमान वास्तविक प्रगति क्रमशः 68.78 और 48.50 है। कार्यों को क्रमशः जून 2022 और दिसम्बर 2022 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।

जिस पर सड़क परिवहन मंत्री ने बताया कि कांकेर से बेडमा (केशकाल घाटी के बाईपास सहित) परियोजना 37 प्रतिशत वास्तविक प्रगति के साथ चल रही है और इसके मार्च 2023 तक पूरा होने की संभावना है। रायपुर धमतरी परियोजना की लागत को आज तक इसकी प्रारंभिक लागत अर्थात 1955 करोड़ रुपए से बढ़ाया नहीं गया है।

Related Posts

Leave a Comment