पूर्व मुख्यमंत्री डॉ.रमन सिंह के प्रमुख सचिव रहे अमन सिंह के खिलाफ आय से अधिक सम्पत्ति के मामले में ईओडब्लु ने एफआईआर दर्ज कर लिया है। ईओडब्लु के वकील द्वारा इस बात की जानकारी बिलासपुर हाई कोर्ट को दी गई है। प्राथमिक जाँच में ईओडब्लु में आय से अधिक संपत्ति अर्जित करना पाया जाने पर अमन सिंह और उनकी पत्नी नित्यांगना यास्मिन सिंह के अपराध क्र-90/2020 धारा 13.1 बी, 13.2 भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 यथा संशोधित अधिनियम 2018 एवं 120 बी भादवि के तहत पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है साथ ही शिकायत पत्र में दर्ज अन्य आरोपों की जाँच की जा रही है। जानकारी के अनुसार सामाजिक कार्यकर्ता और आरटीआई एक्टिविस्ट जोरा रायपुर निवासी उचित शर्मा की शिकायत पर आय से अधिक सम्पत्ति अर्जित करने के आरोप में राज्य शासन ने मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव रहे अमन सिंह के खिलाफ एसीबी व ईओडब्लु को जाँच के निर्देश दिये हैं। जानकारी यह भी है कि, अमन सिंह के खिलाफ पीएमओ में हुई शिकायत पर राज्य शासन ने जाँच के आदेश दिये हैं। इस संबंध में सामान्य प्रशासन विभाग की सचिव रीता शांडिल्य ने एक आदेश जारी किया है जिसमें ईओडब्लु के अति.महानिदेशक को पीएमओ से प्राप्त शिकायत का हवाला देते हुए अमन सिंह के खिलाफ जाँच के आदेश दिये गये हैं।