सूरजपुर/05 जून 2025/  विश्व पर्यावरण दिवस 2025 के अवसर  सूरजपुर वनमंडल अंतर्गत छत्तीसगढ़ राज्य वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग द्वारा जारी दिशा निर्देशों के अनुरूप वनपरिक्षेत्र सूरजपुर, परिसर सूरजपुर में स्थित ’’कृष्ण कुंज’’ में वृक्षारोपण कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। विश्व पर्यावरण दिवस वर्ष 2025 की थीम ’’प्लास्टिक प्रदूषण हटाओ  (Beat Plastic Pollution) से संबंधित जन-जागरूकता के साथ-साथ विभिन्न प्रजातियों के कुल 200 पौधों का रोपण कृष्ण कंज में जिले के नागरिकगण, जनप्रतिनिधिगण व प्रशासनिक अमले के सहयोग व उपस्थिति में किया गया।
     कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में प्रेमनगर विधायक भूलन सिंह मरावी उपस्थित रहे,  जिन्होंने अपने उद्धबोधन मे  प्लास्टिक से होने वाले नुकसान तथा इससे पर्यावरण पर पड़ने वाले विपरीत प्रभाव के संबंध में प्रकाश डाला एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति सजग होते हुये उपस्थित जनता से वृहद मात्रा में वृक्षारोपण करने के संबंध में अपील की।
     कलेक्टर एस. जयवर्धन ने इस अवसर पर कहा कि वृक्षारोपण केवल एक औपचारिक कार्यक्रम न होकर एक दीर्घकालिक सामाजिक दायित्व है। उन्होंने बताया कि जिले में विभिन्न स्थानों पर व्यापक वृक्षारोपण की योजना बनाई गई है। उन्होंने नागरिकों से अनुरोध किया कि वे पर्यावरण के प्रति सजग रहें और अपने आस-पास हरियाली बढ़ाने में प्रशासन का सहयोग करें।
उक्त कार्यक्रम में उपस्थित जनपद पंचायत अध्यक्ष स्वाती सिंह एवं भीमसेन अग्रवाल (पूर्व अध्यक्ष छत्तीसगढ़ पाठ्य पुस्तक निगम) के द्वारा भी अपने आसपास प्लास्टिक का प्रयोग कम करने व पौधों के रोपण एवं उनकी देखरेख, सुरक्षा के संबंध में उद्बोधन देते हुये अधिक से अधिक वृक्ष लगाकर प्रकृति की रक्षा करने के संबंध में अपील किया गया। उपरोक्त वृक्षारोपण कार्यक्रम में कलेक्टर एस. जयवर्धन, मुकेश गर्ग, संत कुमार साहू, सौभाग्य दुबे, शशीकांत गर्ग, मनोज पाण्डेय, दरोगासिंह संत सिंह,संदीप अग्रवाल व स्थानीय जनप्रतिनिधिगण तथा सूरजपुर वनमंडल सूरजपुर एवं जिला स्तर के अन्य विभागों के अधिकारी / कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में सूरजपुर के नागरिकों की सक्रिय भागीदारी रही।