अवैध रेत उत्खनन पर कार्रवाई, जप्त पोकलेन मशीन को रखा गया पुलिस अभिरक्षा में
जगदलपुर, कलेक्टर श्री आकाश छिकारा के निर्देशानुसार जिले में अवैध खनिज उत्खनन के विरुद्ध लगातार खनिज विभाग द्वारा कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में तहसील बकावंड के ग्राम बेलगाँव-बनियागाँव में रेत के अवैध उत्खनन की शिकायत मिलने पर खनिज विभाग द्वारा 26 मार्च 2026 को औचक निरीक्षण किया गया था, जिसमें अवैध उत्खनन करते पाए जाने पर प्रकरण दर्ज कर मौके पर एक पोकलेन मशीन को सील किया गया था।
इसके पश्चात सूचना प्राप्त हुई कि उक्त मशीन के माध्यम से पुनः अवैध उत्खनन का प्रयास किया जा रहा है। इस पर 01 अप्रैल 2026 को खनिज एवं पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा मशीन को शिफ्टर के माध्यम से थाना लाने का प्रयास किया गया, लेकिन ग्रामीणों के विरोध एवं अन्य कारणों से उस दिन मशीन को थाना नहीं लाया जा सका।
बाद में 9 अप्रैल 2026 को बकावंड एसडीएम श्री विपिन दुबे (आईएएस) के नेतृत्व में खनिज, राजस्व एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीम द्वारा पुनः कार्रवाई की गई। इस दौरान जप्त पोकलेन मशीन को शिफ्टर के माध्यम से पुलिस थाना सिटी कोतवाली जगदलपुर लाकर सुरक्षित अभिरक्षा में रखा गया है, जहां प्रकरण में अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।खनि अधिकारी ने बताया कि जिले में खनिजों के अवैध उत्खनन, भंडारण और परिवहन पर सतत निगरानी रखी जा रही है और नियमों के तहत सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।




