छत्तीसगढ़

अहिवारा में विश्व हिंदू परिषद-बजरंग दल की बैठक संपन्न, संगठन विस्तार एवं सेवा कार्यों पर दिया गया जोर

अहिवारा। विश्व हिंदू परिषद (विहिप) एवं बजरंग दल अहिवारा प्रखंड द्वारा सरस्वती शिशु मंदिर परिसर में एक दिवसीय बैठक का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान श्रीराम दरबार एवं भारत माता के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर तथा दीप प्रज्वलित कर किया गया।

बैठक को संबोधित करते हुए बजरंग दल अहिवारा प्रखंड अध्यक्ष योगेश साहू ने कहा कि संगठन का उद्देश्य अहिवारा क्षेत्र में व्यापक स्तर पर विस्तार करना है। उन्होंने कहा कि अधिक से अधिक युवाओं एवं समाज के लोगों को मोबाइल, व्यक्तिगत संपर्क तथा अन्य माध्यमों से संगठन से जोड़ा जाएगा। साथ ही हिंदुत्व, सनातन संस्कृति, गौ सेवा, धर्म सेवा एवं नगर की जनसमस्याओं को लेकर समाज के बीच सक्रिय भूमिका निभाई जाएगी।

जिला मंत्री राकेश रामलोचन तिवारी ने विश्व हिंदू परिषद के इतिहास और उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए बताया कि विहिप की स्थापना 29 अगस्त 1964 को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन अवसर पर संतों के आशीर्वाद से हुई थी। उन्होंने कहा कि संगठन का उद्देश्य हिंदू समाज को संगठित करना, हिंदू धर्म की रक्षा करना तथा सेवा कार्यों के माध्यम से समाज को सशक्त बनाना है। आज विहिप देश के लाखों गांवों एवं कस्बों में स्वास्थ्य, शिक्षा और आत्म-सशक्तिकरण जैसी हजारों सेवा परियोजनाओं के माध्यम से समाज की जड़ों को मजबूत करने का कार्य कर रहा है।

जिला सेवा प्रमुख विकास जसपाल ने कहा कि दुर्ग जिले में रक्तदान सहित किसी भी प्रकार की सेवा संबंधी आवश्यकता होने पर बजरंग दल के पदाधिकारियों से संपर्क किया जा सकता है। उन्होंने बताया कि संगठन शिक्षा से वंचित गरीब बच्चों तक निशुल्क शिक्षा पहुंचाने के लिए भी कार्य कर रहा है तथा सूचना मिलने पर ऐसे क्षेत्रों में ट्यूशन की व्यवस्था की जाएगी।

जिला सहमंत्री जीवेश उपाध्याय ने आगामी कार्यक्रमों की जानकारी देते हुए कहा कि विश्व हिंदू परिषद स्थापना दिवस तथा बजरंग दल का जिला स्तरीय प्रशिक्षण वर्ग आयोजित किया जाएगा। उन्होंने सभी प्रखंडों के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं से इन कार्यक्रमों में सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने का आह्वान किया।

बैठक का समापन “जय श्रीराम” के जयघोष के साथ हुआ।

बैठक में प्रमुख रूप से उपस्थित रहे: जिला मंत्री राकेश रामलोचन तिवारी, जिला सहमंत्री जीवेश उपाध्याय, जिला सेवा प्रमुख विकास जसपाल, जिला बालोपासना प्रमुख विक्की ठाकुर, अहिवारा प्रखंड संयोजक सोनू निर्मलकर, सहसंयोजक शैलेंद्र ठाकुर, प्रखंड अध्यक्ष योगेश साहू, मुकेश यादव, बालोपासना प्रमुख धनी, सुरक्षा एवं गौरक्षक प्रमुख साहिल देशलहरे, पवन, मुकेश नकुल, दीपक साहू, ढालेंद्र, प्रीतम, गिरधर, प्रताप यादव, लोमेश, दादू, घोसुल, काशी, राजकुमार, रुद्र, निखिल, मुकेश, अर्जुन, प्रकाश, प्रताप सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एवं बजरंग दल के सदस्य उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

Adblock Detected

Please consider supporting us by disabling your ad blocker