छत्तीसगढ़

उप मुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा ने खण्डसरा में किया नवीन ग्राम पंचायत भवन का लोकार्पण

उप मुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा और सांसद श्री संतोष पांडेय ने ग्रामीणों के बीच जमीन पर बैठकर सुनीं समस्याएं किया निराकरण

रायपुर, कबीरधाम जिले के बोड़ला विकासखंड अंतर्गत ग्राम खण्डसरा में आज विकास की एक नई सौगात मिली। उप मुख्यमंत्री एवं कवर्धा विधायक श्री विजय शर्मा तथा सांसद श्री संतोष पांडेय ने 20 लाख रुपए की लागत से बने नवीन ग्राम पंचायत भवन का लोकार्पण कर ग्रामीणों को समर्पित किया। इस अवसर पर ग्रामीणों में उत्साह का माहौल रहा। नवीन पंचायत भवन के शुभारंभ से ग्राम पंचायत के प्रशासनिक कार्यों के संचालन और ग्रामीणों को स्थानीय स्तर पर शासकीय सेवाएं उपलब्ध कराने में सुविधा होगी।

कार्यक्रम के दौरान उप मुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा ने ग्रामीणों के बीच जमीन पर बैठकर उनकी समस्याएं और मांगें सुनीं। ग्रामीणों ने भी खुलकर अपनी बातें उप मुख्यमंत्री के समक्ष रखीं। श्री शर्मा ने एक-एक कर ग्रामीणों की समस्याओं की जानकारी ली और उनके निराकरण के लिए मौके पर ही आवश्यक पहल की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।

*गांव की चौपाल में दिखा जनसेवा का भाव*
उप मुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा ने ग्रामीणों से आत्मीय संवाद करते हुए कहा कि नवीन पंचायत भवन के निर्माण से पंचायत के कार्यों को बेहतर ढंग से संचालित करने के साथ ही ग्रामीणों की समस्याओं के समाधान और जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में सुविधा मिलेगी। उन्होंने कहा कि शासन की प्राथमिकता है कि गांव के अंतिम व्यक्ति तक विकास योजनाओं का लाभ पहुंचे और नागरिकों को अपनी छोटी-छोटी समस्याओं के समाधान के लिए अनावश्यक परेशान न होना पड़े। जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों का दायित्व है कि वे जनता के बीच पहुंचकर उनकी समस्याओं को समझें और उनका समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करें।

नवीन पंचायत भवन से ग्रामीणों को मिलेगी बेहतर सुविधाएं
नवीन ग्राम पंचायत भवन के लोकार्पण से ग्राम खण्डसरा में पंचायत संबंधी कार्यों के लिए बेहतर आधारभूत सुविधा उपलब्ध हुई है। यहां ग्राम पंचायत की बैठकों, विकास कार्यों की समीक्षा, शासकीय योजनाओं की जानकारी तथा ग्रामीणों की समस्याओं के समाधान के लिए उपयुक्त स्थान मिलेगा। इससे पंचायत स्तर पर प्रशासनिक कार्यों में सुगमता और ग्रामीणों की भागीदारी बढ़ाने में मदद मिलेगी। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष श्री ईश्वरी साहू, उपाध्यक्ष श्री कैलाश चन्द्रवंशी, जिला पंचायत सदस्य श्री राम कुमार भट्ट, जनपद पंचायत उपाध्यक्ष श्री नंद श्रीवास, श्री विदेशी राम धुर्वे, श्री लालचंद साहू सहित अन्य जनप्रतिनिधि शामिल रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

Adblock Detected

Please consider supporting us by disabling your ad blocker