छत्तीसगढ़दुर्ग-भिलाई

फॉर्म-6 जमा करने के बावजूद मतदाता सूची में नाम नहीं जुड़ा, निकाय चुनाव में हजारों युवा मतदान से हो सकते हैं वंचित

भिलाई, रिसाली, चरोदा और जामुल की निर्वाचक नामावली जमा करने की समय-सीमा बढ़ाने कलेक्टर से मांग

दुर्ग। छत्तीसगढ़ में आगामी दिसंबर 2026 में प्रस्तावित नगरीय निकाय चुनाव से पहले मतदाता सूची में नए मतदाताओं के नाम जोड़ने को लेकर सवाल उठने लगे हैं। नगर पालिक निगम भिलाई, रिसाली, भिलाई-3 चरोदा एवं नगर पालिका जामुल की निर्वाचक नामावली प्रारूप क-1, ख और ग जमा करने की अंतिम तिथि बढ़ाने की मांग को लेकर अली हुसैन सिद्दीकी, सचिव ने कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी दुर्ग को आवेदन सौंपा है।

आवेदन में बताया गया है कि 1 अक्टूबर 2026 की स्थिति में 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले युवाओं ने मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए भारत निर्वाचन आयोग की वेबसाइट के माध्यम से ऑनलाइन तथा मतदान केंद्रों पर बीएलओ के समक्ष 23 अक्टूबर से 3 नवंबर 2026 तक फॉर्म-6 जमा किया है। लेकिन आवेदन के बाद भी कई युवाओं के एपिक नंबर जारी नहीं होने के कारण उनके आवेदन लंबित बताए जा रहे हैं।

आवेदन के अनुसार, 21 अक्टूबर 2026 से भारत निर्वाचन आयोग एवं छत्तीसगढ़ निर्वाचन आयोग की वेबसाइट पर प्रक्रिया प्रभावित होने के कारण नए मतदाताओं के नाम जोड़ने में परेशानी आ रही है। इसका असर दुर्ग जिले के नगरीय निकायों की मतदाता सूची पर पड़ सकता है। आवेदक ने आशंका जताई है कि यदि निर्वाचक नामावली जमा करने की समय-सीमा नहीं बढ़ाई गई तो समय पर फॉर्म-6 जमा करने वाले हजारों युवा आगामी निकाय चुनाव में मतदान के अधिकार से वंचित हो सकते हैं।

आवेदन में विशेष रूप से भिलाई नगर निगम का उल्लेख करते हुए बताया गया है कि यहां फॉर्म-6 के माध्यम से नाम जुड़वाने के लिए आवेदन करने वाले युवाओं की संख्या लगभग 4 से 5 हजार हो सकती है। इसी तरह रिसाली, भिलाई-3 चरोदा और जामुल के हजारों युवा भी प्रभावित हो सकते हैं।

अली हुसैन सिद्दीकी ने आवेदन में यह भी उल्लेख किया है कि 3 नवंबर 2026 को भिलाई निगम के रजिस्ट्रीकरण अधिकारी के समक्ष आपत्ति प्रस्तुत कर इस समस्या से जिला निर्वाचन विभाग दुर्ग को अवगत कराया गया था। उस समय निर्वाचन आयोग को पत्र लिखने का आश्वासन दिया गया, लेकिन 11 नवंबर 2026 तक इस संबंध में कोई ठोस कार्रवाई या सुनवाई नहीं होने की बात कही गई है।

आवेदक ने कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी से मांग की है कि नगर पालिक निगम भिलाई, रिसाली, भिलाई-3 चरोदा एवं नगर पालिका जामुल की निर्वाचक नामावली के प्रारूप क-1, ख और ग जमा करने की तिथि बढ़ाने के लिए निर्वाचन आयोग से समन्वय कर आवश्यक कार्रवाई की जाए, ताकि निर्धारित समय में फॉर्म-6 जमा करने वाले नए मतदाताओं को आगामी नगरीय निकाय चुनाव में मतदान का अवसर मिल सके।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

Adblock Detected

Please consider supporting us by disabling your ad blocker