छत्तीसगढ़

माता कौशल्या की जन्मभूमि एवं प्रभु श्रीराम के ननिहाल में श्री राम कथा का आयोजन हम सभी के लिए सौभाग्य का विषय – मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय

मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने किया श्री राम कथा का रसपान

पूज्य संत श्री चिन्मयानंद बापू जी से लिया आशीर्वाद

श्री रामलला दर्शन योजना से अब तक 55 हजार से अधिक श्रद्धालु हुए लाभान्वित

मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को कार्तिक पूर्णिमा एवं प्रकाश पर्व की दी बधाई एवं शुभकामनाएं

रायपुर, मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय आज इस्पात नगरी भिलाई के सेक्टर-2 में आयोजित श्री राम कथा में शामिल हुए। मुख्यमंत्री ने व्यासपीठ को नमन कर विश्वविख्यात कथाव्यास पूज्य संत श्री चिन्मयानंद बापू जी से आशीर्वाद लिया तथा श्रद्धालुओं के साथ बैठकर भक्तिभाव से श्री राम कथा का रसपान किया। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर प्रदेशवासियों को कार्तिक पूर्णिमा एवं गुरू नानक देव जी की जयंती प्रकाश पर्व की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी। उन्होंने माता कौशल्या की जन्मभूमि एवं प्रभु श्रीराम के ननिहाल छत्तीसगढ़ में पूज्य संत श्री चिन्मयानंद बापू जी का समस्त प्रदेशवासियों की ओर से स्वागत एवं अभिनंदन किया। इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री श्री अरूण साव उपस्थित थे।

मुख्यमंत्री श्री साय ने श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए कहा कि इस्पात नगरी भिलाई में विगत आठ दिनों से श्री राम कथा का आयोजन किया जा रहा है। पूज्य बापू जी के श्रीमुख से श्री राम कथा का रसपान करने का अवसर मिलना हम सभी के लिए सौभाग्य का विषय है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ का प्रभु श्रीराम से गहरा आध्यात्मिक एवं भावनात्मक संबंध है। प्रभु श्रीराम ने अपने वनवास काल का अधिकांश समय छत्तीसगढ़ में व्यतीत किया है। प्रदेश में अनेक ऐसे पवित्र स्थल हैं, जो प्रभु श्रीराम के वनवास काल की स्मृतियों से जुड़े हुए हैं। राजिम के त्रिवेणी संगम में स्थित कुलेश्वर महादेव मंदिर के संबंध में मान्यता है कि प्रभु श्रीराम एवं माता सीता ने अपने करकमलों से शिवलिंग की स्थापना की थी। चंदखुरी में माता कौशल्या का मंदिर स्थित है। राम वन गमन पथ से जुड़े अनेक स्थल छत्तीसगढ़ की समृद्ध धार्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत के प्रतीक हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि अयोध्या में प्रभु श्रीराम भव्य मंदिर में विराजमान हुए हैं। यह छत्तीसगढ़वासियों के लिए विशेष हर्ष एवं गौरव का विषय है, क्योंकि छत्तीसगढ़वासी प्रभु श्रीराम को अपना भांजा मानते हैं। राज्य शासन द्वारा प्रदेश के श्रद्धालुओं को अयोध्या में प्रभु श्रीराम के दर्शन कराने के लिए श्री रामलला दर्शन योजना संचालित की जा रही है। योजना के अंतर्गत अब तक 55 हजार से अधिक श्रद्धालु लाभान्वित हो चुके हैं। प्रत्येक सप्ताह अम्बिकापुर, बिलासपुर, रायपुर एवं दुर्ग से विशेष ट्रेन के माध्यम से लगभग 850 श्रद्धालुओं को अयोध्या ले जाकर श्री रामलला के दर्शन कराए जा रहे हैं।

मुख्यमंत्री श्री साय ने अपने विधानसभा क्षेत्र कुनकुरी में पूर्व में आयोजित श्री राम कथा का स्मरण करते हुए कहा कि पूज्य संत श्री चिन्मयानंद बापू जी का स्नेह एवं आशीर्वाद निरंतर छत्तीसगढ़ को प्राप्त हो रहा है। उन्होंने जनवरी 2027 में रायपुर में आयोजित होने वाली श्री राम कथा में शामिल होने के लिए श्रद्धालुओं को आमंत्रित किया। उन्होंने कहा कि इस आयोजन के माध्यम से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं को श्री राम कथा के श्रवण का सौभाग्य प्राप्त हुआ है। मुख्यमंत्री ने प्रभु श्रीराम एवं माता सीता से सभी के सुख, समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की। इस अवसर पर राज्यसभा सांसद श्रीमती लक्ष्मी वर्मा, विधायक श्री रिकेश सेन, क्रेडा के अध्यक्ष श्री भूपेन्द्र सवन्नी , श्री प्रेम प्रकाश पांडेय, संभाग आयुक्त श्री सत्यनारायण राठौर, आईजी श्री अभिषेक शांडिल्य, कलेक्टर श्री अभिजीत सिंह, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री विजय अग्रवाल, जीवन आनंद फाउंडेशन के अध्यक्ष श्री विनोद सिंह सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि एवं श्रद्धालु उपस्थित थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

Adblock Detected

Please consider supporting us by disabling your ad blocker