छत्तीसगढ़दुर्ग-भिलाई

वित्त मंत्री चौधरी ने अहिवारा में नवीन उप पंजीयक कार्यालय का किया शुभारंभ

वित्त मंत्री चौधरी ने अहिवारा में नवीन उप पंजीयक कार्यालय का किया शुभारंभ

क्षेत्र के 56 गांव के लोग होंगे लाभान्वित

       दुर्ग। प्रदेश के वित्त, वाणिज्यिक कर, आवास एवं पर्यावरण, योजना, आर्थिक सांख्यिकी मंत्री ओ.पी. चौधरी के मुख्य आतिथ्य में आज दुर्ग जिले के अहिवारा में नवीन उप पंजीयक कार्यालय का शुभारंभ किया गया। मुख्य अतिथि वित्त मंत्री चौधरी ने कार्यालय नगर पालिका परिषद अहिवारा के रैन बसेरा परिसर में फीता काट कर नवीन उप पंजीयक कार्यालय का उद्घाटन किया। इस अवसर पर  स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव, सांसद विजय बघेल, अहिवारा के विधायक डोमन लाल कोर्सेवाड़ा, जिला पंचायत की अध्यक्ष श्रीमती सरस्वती बंजारे, तेलघानी बोर्ड के अध्यक्ष जितेन्द्र साहू भी विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित थे। उल्लेखनीय है कि क्षेत्र के जनता की बहुप्रतीक्षित मांग आज पूरी हुई है। नवीन उप पंजीयक कार्यालय में  अहिवारा क्षेत्र के नगर पालिका परिषद के समस्त वार्ड तथा राजस्व निरीक्षक मंडल अहिवारा एवं मुरमुंदा के अंतर्गत आने वाले कुल 56 ग्रामों की रजिस्ट्रियां पूर्व में उप पंजीयक कार्यालय धमधा एवं भिलाई में होती थी। अब नवीन उप पंजीयक कार्यालय अहिवारा में 10 अक्टूबर 2025 से इन सभी क्षेत्रों के अंतर्गत आने वाली अचल संपत्तियों से संबंधित समस्त दस्तावेजों का पंजीयन होगा। जिससे पक्षकारों को पंजीयन कार्य में सीधे लाभ मिलेगा, उनका समय एवं संसाधनों की बचत होगी।

       मुख्य अतिथि वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी ने समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि सरकार प्रदेश में  विकास के कार्य को आगे बढ़ाने के साथ ही प्रधानमंत्री मोदी जी की गारंटी को क्रमशः पूरा कर रही है। चाहे वह किसानों का 3100 रूपए प्रति क्विंटल धान खरीदी हो अथवा 18 लाख प्रधानमंत्री आवास का निर्माण हो। उन्होंने कहा कि मोदी की गारंटी के तहत प्रदेश सरकार 70 लाख महिलाओं को प्रतिमाह एक हजार रुपये महतारी वंदन की राशि जारी कर रही हैं। वित्त मंत्री ने बताया कि रायपुर से राजनांदगांव को जोड़ कर इंटीग्रेटेड प्लान के साथ विकास किया जाएगा। मेट्रो रेलवे लाईन का सर्वे हो चुका है। उन्होंने बताया कि जमीन की रजिस्ट्री कार्य में आमूलचूल परिवर्तन कर नई पद्धति लागू की गई है। इसके लिए एक्ट में परिवर्तन किया गया है। वर्तमान में सुगम ऐप के माध्यम से रजिस्ट्री कार्य क्रेता-विक्रेता दोनों के मौजूदगी में किया जा रहा है।  ई-स्टाम्प, पेपरलेस प्रक्रिया, स्वतः पंजीयन का प्रावधान से नामांतरण हो रहा है। वित्त मंत्री चौधरी ने क्षेत्र की जनता को पंजीयन के नये पद्धति से लाभ लेने का आग्रह किया। उन्होंने अहिवारा में आदर्श पंजीयन कार्यालय एक वर्ष में तैयार करने का भरोसा दिलाया। उन्होंने स्कूल शिक्षा मंत्री यादव की मांग पर कहा कि अहिवारा में पूर्व निर्मित मकान को नियमितीकरण करने शासन स्तर से प्रयास किया जाएगा।

       स्कूल शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव ने अहिवारा वासियों को नवीन उप पंजीयक कार्यालय शुभारंभ पर बधाई दी। मंत्री यादव ने रजिस्ट्री के पुरानी पद्धति और नई पद्धति से अवगत कराते हुए इस पद्धति का पूरा श्रेय वित्त मंत्री को दिया। उन्होंने विधायक कोर्सेवाड़ा की मांग पर अहिवारा में केंद्रीय विद्यालय खोलने का भरोसा दिलाया। मंत्री यादव ने अहिवारा में मकान नियमित कराने वित्त मंत्री जी का ध्यान आकृष्ट किया। सांसद विजय बघेल ने अहिवारा को उप पंजीयक कार्यालय की सौगात के लिये वित्त मंत्री का आभार माना। उन्होंने वित्त मंत्री जी की प्रशासनिक क्षमता और निर्णय का सराहना किया।

       विधायक डोमन लाल कोर्सेवाड़ा ने कहा कि क्षेत्र की बहुप्रतीक्षित मांग पूरी हुई है। उन्होंने शासन प्रशासन को धन्यवाद ज्ञापित करते हुए क्षेत्र के विकास में आगे भी सहयोग की अपेक्षा की। विधायक कोर्सेवाड़ा ने मंत्री द्वय से अहिवारा में केंद्रीय विद्यालय खोलने की मांग की। कलेक्टर अभिजीत सिंह ने स्वागत उद्बोधन में बताया कि नवीन उप पंजीयक कार्यालय से 56 गांव के लोगों को सुविधाये उपलब्ध होगी। इस अवसर पर नगर पालिका के अध्यक्ष विद्यानंद कुशवाहा, उपाध्यक्ष अशोक बाफना, पूर्व विधायक लाभचंद बाफना, नगर पालिका के पूर्व अध्यक्ष नटवर लाल ताम्रकार एवं पार्षदगण, एसडीएम महेश राजपूत, जिला पंजीयक सुश्री प्रियंका श्रीरंगे सहित अन्य अधिकारी तथा महंत लीलाधर साहू सहित बड़ी संख्या में नगरवासी उपस्थित थे।  

 

 

 

मुख्यमंत्री से मिला छत्तीसगढ़ कर्मचारी-अधिकारी फेडरेशन और जनसंपर्क अधिकारी संघ का संयुक्त प्रतिनिधिमंडल

संवाद कार्यालय में विभागीय अधिकारी के साथ अभद्रता और कार्यालय में तोड़फोड़ करने वालों पर कड़ी कार्रवाई की मांग

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने दोषियों पर कड़ी कार्रवाई का दिया आश्वासन

       दुर्ग। छत्तीसगढ़ संवाद कार्यालय, नवा रायपुर में विभागीय अपर संचालक संजीव तिवारी के साथ हुई अभद्रता, झूमा-झटकी, गाली-गलौज और कार्यालय में तोड़फोड़ की घटना के विरोध में आज छत्तीसगढ़ कर्मचारी-अधिकारी फेडरेशन और छत्तीसगढ़ जनसंपर्क अधिकारी संघ का संयुक्त प्रतिनिधिमंडल मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से मिला। प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपते हुए कहा कि यह घटना केवल एक शासकीय अधिकारी पर हमला नहीं, बल्कि शासन-प्रशासन की संस्थागत गरिमा और अनुशासन पर सीधा प्रहार है।

       फेडरेशन के संयोजक कमल वर्मा ने कहा कि यह अत्यंत चिंताजनक है कि पत्रकारिता की आड़ में भयादोहन और ब्लैकमेलिंग की घटनाएँ लगातार बढ़ रही हैं। उन्होंने कहा कि पत्रकारों की स्वतंत्रता लोकतंत्र की आत्मा है, किंतु पत्रकारिता के नाम पर भय, भ्रम और दबाव का वातावरण बनाना न केवल वास्तविक पत्रकारिता का अपमान है, बल्कि समाज और शासन — दोनों के प्रति विश्वासघात है। उन्होंने मुख्यमंत्री से यह मांग की कि राज्य में शासकीय सेवकों की सुरक्षा हेतु एक सशक्त कानून बनाया जाए, ताकि अधिकारी और कर्मचारी भयमुक्त होकर जनहित के कार्य कर सकें तथा असामाजिक तत्वों को कठोर दंड मिल सके।
       कमल वर्मा ने यह भी अनुरोध किया कि सभी शासकीय कार्यालयों, विशेषकर इंद्रावती भवन में सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक कड़ा किया जाए तथा सभी प्रवेश द्वार में सुरक्षा जांच के लिए आवश्यक उपकरण स्थापित किए जाएँ। उन्होंने राज्य स्तर से लेकर विकासखंड स्तर तक सभी अधिकारी और कर्मचारी बिना भय के अपने शासकीय दायित्वों का निर्वहन कर सकें, इसके लिए ठोस कदम उठाने का अनुरोध किया।
       छत्तीसगढ़ राजपत्रित अधिकारी संघ के प्रवक्ता एवं छत्तीसगढ़ जनसंपर्क अधिकारी संघ के अध्यक्ष बालमुकुंद तंबोली ने कहा कि शासकीय कार्यालय में घुसकर हिंसक व्यवहार, झूमा-झटकी, गाली-गलौज और घर जाकर मारने की धमकी देना किसी भी सुसंस्कृत समाज में अस्वीकार्य है। ऐसी घटनाएँ पूरे विभाग में भय और असुरक्षा का वातावरण उत्पन्न करती हैं, जिससे अधिकारी-कर्मचारियों का मनोबल प्रभावित होता है और शासन-प्रशासन की कार्यकुशलता पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है। उन्होंने कहा कि जनसंपर्क विभाग सरकार और जनता के बीच विश्वास का सेतु है। जनसंपर्क विभाग के अधिकारी शासन की नीतियों को जन-जन तक पहुँचाने और मीडिया के साथ संवाद बनाए रखने में अग्रणी भूमिका निभाते हैं। शासकीय दायित्व निभा रहे जनसंपर्क अधिकारी पर पत्रकारिता की आड़ में कार्यालय में हमला करना और घर में घुसकर मारने की धमकी देना न केवल लोकतंत्र की मूल भावना के विरुद्ध है, बल्कि शासन की गरिमा पर भी आघात है।
       प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री को अवगत कराया कि अभद्रता करने वाले तत्वों के विरुद्ध पूर्व में भी विभिन्न मामलों में कार्रवाई की गई है और दंडात्मक प्रकरण दर्ज हुए हैं। ऐसे व्यक्ति पत्रकारिता की आड़ लेकर अधिकारियों को खुलेआम धमका रहे हैं जिन पर कड़ी कारवाई आवश्यक है।
       मुख्यमंत्री साय ने प्रतिनिधि मंडल को आश्वस्त किया की निश्चिन्त रहे,  कार्रवाई अवश्य होगी। उन्होंने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि दोषियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा और राज्य सरकार इस प्रकार की घटनाओं को बर्दाश्त नहीं करेगी।

       मुख्यमंत्री से भेंट करने वाले प्रतिनिधिमंडल में जनसंपर्क विभाग के अपर संचालक जे. एल. दरियो, उमेश मिश्रा, संयुक्त संचालक पवन गुप्ता, उपसंचालक घनश्याम केशरवानी सहित अन्य अधिकारीगण उपस्थित थे।

बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ अंतर्गत वर्ल्ड मेंटल हेल्थ डे का आयोजन
     दुर्ग। महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ अभियान अंतर्गत वर्ल्ड मेंटल हेल्थ डे के अवसर पर शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय उमरपोटी दुर्ग में विगत 09 अक्टूबर को जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में सखी वन स्टॉप सेंटर से साइको सोशल काउंसलर श्रीमती कविता डोरले द्वारा बच्चों को मेंटल हेल्थ की समस्या होने के कारण, निराकरण एवं बचाव के तरीके के बारे में विस्तार से बताते हुए इसका समाधान भारतीय जीवनशैली, रहन-सहन, खान-पान, व्यायाम, योग एवं ध्यान के माध्यम से मेंटल हेल्थ को सुदृढ़ करने के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई। ध्यान और योग आदिकाल से ही भारतीय संस्कृति का अभिन्न हिस्सा रहे हैं। विश्व को योग और साधना भारतवर्ष की ही देन है, इसलिए इसे अपनी दैनिक दिनचर्या में शामिल करने हेतु छात्र-छात्राओं को प्रेरित किया गया। इसके अतिरिक्त इसे पोषण एवं स्वास्थ्य से जोड़ते हुए तिरंगा भोजन, संतुलित आहार, अंकुरित अनाज सेवन के महत्व को बताया गया।
       जिला महिला एवं बाल विकास अधिकारी अजय कुमार साहू से मिली जानकारी अनुसार कार्यक्रम में जिला महिला सशक्तिकरण केन्द्र हब आईसीपीएस, चाइल्ड लाइन व सखी वन स्टॉप सेंटर द्वारा महिलाओं एवं बच्चों से संबंधित शासन की विभिन्न योजनाओं की जानकारी बच्चों के साथ साझा की गई। बच्चों के मन में उठ रहे समस्याओं एवं सवालों का भी समाधान किया गया। बाल विवाह रोकथाम हेतु शपथ दिलायी गई। कार्यक्रम में शाला प्राचार्य श्रीमती कीर्ति प्रधान, स्कूली छात्र-छात्राएं, विभागीय कर्मचारीगण, विद्यालय के शिक्षकगण, कार्यक्रम में महिला एवं बाल विकास विभाग से जिला महिला सशक्तिकरण केन्द्र (हब) से श्रीमती विनिता गुप्ता जिला मिशन समन्वयक, श्रीमती लोकमणी साहू सामाजिक कार्यकर्ता आईसीपीएस, श्रीमती कविता डोरले परामर्शदाता सखी वन स्टॉप सेंटर, जेंडर विशेषज्ञ लक्ष्मी कांत यादव, श्रीमती शिल्पी उपाध्याय वित्तीय साक्षरता एवं समन्वयक विशेषज्ञ, सुश्री श्रद्धा ध्रुव, अंजोरी राम केस वर्कर चाइल्ड लाइन एवं अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे। विद्यालय के नवमी से बारहवीं तक के कुल 97 छात्र एवं छात्राएं वर्ल्ड मेंटल हेल्थ डे के कार्यक्रम में उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

Adblock Detected

Please consider supporting us by disabling your ad blocker