छत्तीसगढ़

बाटगांव बना हरित विकास का मॉडल, ‘एक पेड़ माँ के नाम’

अभियान में उमड़ा जनसैलाब विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने 4 हजार पौधों के रोपण में लिया भाग
बाल उद्यान के लिए 10 लाख रुपये एवं सोलर पंप-बोरवेल की घोषणा

राजनांदगांव,ग्राम बाटगांव में आयोजित ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के अंतर्गत वनमहोत्सव, वृक्षारोपण एवं नि:शुल्क पौधा वितरण कार्यक्रम जनभागीदारी और पर्यावरण संरक्षण का प्रेरणादायक उदाहरण बन गया। कार्यक्रम में विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने अपनी स्वर्गीय माता श्रीमती सुधादेवी सिंह की स्मृति में पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया तथा ग्राम में लगाए गए 4 हजार पौधों के संरक्षण के लिए सोलर पंप सहित बोरवेल तथा बाल उद्यान के विकास हेतु 10 लाख रुपये की सामग्री उपलब्ध कराने की घोषणा की।
डॉ. रमन सिंह ने कहा कि वृक्षारोपण केवल आज की आवश्यकता नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य की अमूल्य धरोहर है। उन्होंने ग्राम पंचायतों से सामूहिक भागीदारी के साथ बड़े पैमाने पर पौधरोपण एवं संरक्षण का आह्वान करते हुए कहा कि जहां 30 से 50 एकड़ क्षेत्र में व्यापक वृक्षारोपण किया जाएगा, वहां भी बच्चों के लिए बाल उद्यान विकसित करने में शासन सहयोग करेगा।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा प्रारंभ किए गए ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान ने पूरे देश में पर्यावरण संरक्षण के प्रति नई जागरूकता पैदा की है। प्रत्येक नागरिक अपनी माता के नाम एक पौधा लगाकर उसका संरक्षण करे, यही इस अभियान की सबसे बड़ी सफलता होगी। उन्होंने बढ़ते तापमान, जल संकट और पर्यावरणीय चुनौतियों का उल्लेख करते हुए अधिक से अधिक वृक्ष लगाने तथा उनका संरक्षण सुनिश्चित करने की अपील की।
कार्यक्रम में सांसद संतोष पाण्डेय ने कहा कि वृक्ष जीवन का आधार हैं और पौधरोपण के साथ उनका संरक्षण भी प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। उन्होंने केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा किसानों, ग्रामीणों और पर्यावरण संरक्षण के लिए संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी देते हुए जनभागीदारी को सबसे प्रभावी माध्यम बताया।
महापौर मधुसूदन यादव ने कहा कि इस वर्ष जिले में रिकॉर्ड तापमान चिंता का विषय रहा है। ऐसे समय में बड़े पैमाने पर पौधरोपण पर्यावरण संतुलन बनाए रखने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने बताया कि पिछले वर्ष लगाए गए पौधों का सफल संरक्षण ग्रामवासियों की जागरूकता का प्रमाण है।
कार्यक्रम के दौरान पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले व्यक्तियों तथा चित्रकला एवं निबंध प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। साथ ही नि:शुल्क पौधा वितरण वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। विशाल वृक्षारोपण अभियान में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, विद्यार्थियों, स्वयंसेवी संगठनों एवं ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर हजारों पौधे रोपे और उनके संरक्षण का संकल्प लिया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

Adblock Detected

Please consider supporting us by disabling your ad blocker