अहिवारा में गूंजा हर-हर महादेव, पांच वर्षों से लगातार निकाली जा रही भव्य कांवर यात्रा
अहिवारा। अहिवारा बोल बम समिति द्वारा संयोजक एवं पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष नटवर ताम्रकार के नेतृत्व में लगातार पांचवें वर्ष त्रिवेणी संगम सगनी घाट से भव्य कांवर यात्रा निकाली गई। यात्रा में बड़ी संख्या में शिवभक्त शामिल हुए।
सगनी घाट से शुरू हुई कांवर यात्रा में भक्तिमय झांकी, डीजे और भक्ति गीतों के साथ शिवभक्त पूरे उत्साह से आगे बढ़ते रहे। यात्रा के दौरान श्रद्धालु भगवान शिव के जयकारे लगाते हुए “हर-हर महादेव” और “बोल बम” के उद्घोष से वातावरण को भक्तिमय बनाते रहे।
कांवर यात्रा सगनी से अहिवारा तक विभिन्न मार्गों से होते हुए पहुंची। रास्ते भर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिला। शिवभक्त भक्ति गीतों और जयकारों के बीच कांवर लेकर यात्रा में शामिल रहे।
यात्रा का समापन अहिवारा स्थित संतोषी मंदिर एवं शीतला माता मंदिर पहुंचकर किया गया। यहां श्रद्धालुओं ने भगवान शिव एवं माता शीतला की पूजा-अर्चना कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि और शांति की कामना की।
आयोजकों के अनुसार, अहिवारा बोल बम समिति द्वारा पिछले पांच वर्षों से लगातार इस कांवर यात्रा का आयोजन किया जा रहा है। हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी बड़ी संख्या में शिवभक्तों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर आयोजन को भव्य बनाया।
पूरे आयोजन के दौरान सगनी से अहिवारा तक का क्षेत्र “हर-हर महादेव” और “बोल बम” के जयघोष से गूंजता रहा और माहौल पूरी तरह शिवमय बना रहा।




