विद्यापीठ गुरुकुलम इंग्लिश मीडियम स्कूल में हर्षोल्लास से मनाया गया स्वतंत्रता दिवस
भिलाई–3। विश्वबैंक कॉलोनी, भिलाई–3 स्थित विद्यापीठ गुरुकुलम इंग्लिश मीडियम स्कूल में स्वतंत्रता दिवस रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों एवं देशभक्ति के उत्साह के साथ हर्षोल्लासपूर्वक मनाया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि श्री प्रेमलाल साहू जी (प्रवक्ता, भाजपा जिला भिलाई) थे तथा अध्यक्षता श्री प्रशांत आकांत जी (वरिष्ठ भाजपा नेता) ने की।
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में श्री श्याम सुंदर जायसवाल (महामंत्री भाजपा भिलाई–3 मंडल), श्री जसवंत वर्मा जी (वरिष्ठ भाजपा नेता), सुश्री गीता वर्मा जी (कन्या शक्ति संयोजिका, भाजयुमो जिला भिलाई), श्री महेश सोना (अध्यक्ष, पश्चिम उत्कल गांडा समाज सेवा समिति भिलाई–चरोदा), श्री तोरन सोनी (पूर्व उपाध्यक्ष, भाजपा चरोदा मंडल), तथा विद्यालय के डायरेक्टर द्वय श्री गुलशन ढिंढे जी एवं श्रीमती विनीता शिंदे जी उपस्थित रहे।
बमुख्य अतिथि श्री प्रेमलाल साहू ने भारत माता, माँ सरस्वती एवं महापुरुषों के तैलचित्र पर दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया तथा ध्वजारोहण किया। राष्ट्रगान के पश्चात विद्यार्थियों ने देशभक्ति से ओत-प्रोत सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर उपस्थित जनसमुदाय का मन मोह लिया।
मुख्य अतिथि श्री प्रेमलाल साहू ने अपने प्रभावशाली उद्बोधन में कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल उत्सव मनाने का दिन नहीं, बल्कि उन वीर स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग, तपस्या और बलिदान को स्मरण करने का अवसर है, जिनके कारण आज हम स्वतंत्र भारत में सांस ले रहे हैं।
उन्होंने कहा कि आज का भारत आत्मविश्वास से भरा हुआ भारत है। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में देश आत्मनिर्भरता, तकनीक, शिक्षा, विज्ञान, सुरक्षा और विकास के क्षेत्र में निरंतर आगे बढ़ रहा है। आज के विद्यार्थियों को विकसित भारत के निर्माण में अपनी भूमिका निभाने के लिए तैयार होना होगा।
बश्री साहू ने विद्यार्थियों से कहा कि देशभक्ति केवल नारे लगाने तक सीमित नहीं होनी चाहिए, बल्कि ईमानदारी से पढ़ाई करना, अनुशासन का पालन करना, अपने माता-पिता एवं गुरुजनों का सम्मान करना, स्वच्छता रखना और समाज व राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों का निर्वहन करना भी सच्ची देशभक्ति है।
उन्होंने यह भी कहा कि भारत की शक्ति उसकी युवा पीढ़ी में है। विद्यार्थी अपने ज्ञान, संस्कार और प्रतिभा के माध्यम से भारत को नई ऊंचाइयों तक ले जा सकते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से “विकसित भारत के संकल्प के साथ राष्ट्र निर्माण में सहभागी बनने” का आह्वान किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे श्री प्रशांत आकांत ने कहा कि स्वतंत्रता सेनानियों ने जिस भारत का सपना देखा था, उसे साकार करने की जिम्मेदारी आज की पीढ़ी की है। उन्होंने विद्यार्थियों को राष्ट्र की एकता, अखंडता और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति सजग रहने का आह्वान किया तथा कहा कि शिक्षा के साथ संस्कार ही विद्यार्थी के व्यक्तित्व को पूर्ण बनाते हैं।
श्री श्याम सुंदर जायसवाल ने कहा कि भारत की स्वतंत्रता असंख्य वीरों के संघर्ष का परिणाम है। आजादी के अमृत मूल्य को आगे बढ़ाने के लिए युवाओं को राष्ट्रहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभानी चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों की शानदार सांस्कृतिक प्रस्तुतियों की सराहना की।
सुश्री गीता वर्मा ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि देश की बेटियां और युवा शक्ति भारत के उज्ज्वल भविष्य की मजबूत आधारशिला हैं। उन्होंने छात्राओं से शिक्षा, आत्मविश्वास और संस्कार के साथ आगे बढ़ने तथा राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
विद्यार्थियों का सम्मान
स्वतंत्रता दिवस समारोह में विभिन्न सांस्कृतिक एवं अन्य गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले सभी प्रतिभागी विद्यार्थियों का सम्मान किया गया। इस अवसर पर छात्र मयंन कुमार पटनायक को “स्टूडेंट ऑफ द ईयर” के सम्मान से नवाजा गया।
कार्यक्रम का संचालन विद्यालय के डायरेक्टर श्री गुलशन ढिंढे ने किया, जबकि सांस्कृतिक कार्यक्रमों का संचालन सुश्री पल्लवी पटनायक ने किया। आभार प्रदर्शन विद्यालय की डायरेक्टर श्रीमती विनीता शिंदे ने किया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में ममता सोनवानी मेम, प्रियंका ठाकुर मेम, वैशाली देशमुख मेम, रत्ना सोनवानी मेम सहित समस्त पालकगण एवं विद्यालय परिवार का विशेष सहयोग रहा।
समूचा विद्यालय परिसर देशभक्ति के नारों, तिरंगे की आन-बान-शान और विद्यार्थियों की मनमोहक प्रस्तुतियों से सराबोर रहा। समारोह ने विद्यार्थियों में राष्ट्रप्रेम, अनुशासन, संस्कार और देश के प्रति जिम्मेदारी की भावना को और मजबूत किया।




