नंदिनी नगर (अहिवारा) :
भिलाई स्टील प्लांट (SAIL) की नंदिनी नगर टाउनशिप में प्रशासनिक अनदेखी और उदासीनता के चलते अवैध कब्जे का दायरा लगातार बढ़ता जा रहा है। टाउनशिप में स्थित 200 यूनिट आवास इकाइयों (क्वार्टरों) के बीच आम आवाजाही और विद्युत रखरखाव के लिए छोड़ी गई गलियों पर स्थानीय लोगों द्वारा अवैध कब्जा कर उन्हें पूरी तरह से बंद कर दिया गया है।
टाउनशिप के मूल लेआउट प्लान के अनुसार, प्रत्येक 4 क्वार्टरों के बीच से गुजरने वाली इन गलियों को विशेष रूप से पैदल मार्ग और विद्युत पोल व लाइनों के नियमित मेंटेनेंस के लिए आरक्षित रखा गया था। हालांकि, वर्तमान में स्थिति यह है कि लोगों ने इन गलियों में बाउंड्री वॉल, शेड और पक्के निर्माण खड़े करके रास्ता ब्लॉक कर दिया है।
रखरखाव के समय कर्मचारियों को उठानी पड़ रही भारी मशक्कत
गलियां बंद हो जाने के कारण जब भी टाउनशिप में बिजली की समस्या, केबल फॉल्ट या ट्रांसफार्मर/पोल से जुड़ी तकनीकी खराबी आती है, तो नंदिनी नगर टाउनशिप BSP (SAIL) के विद्युत मेंटेनेंस टीम के कर्मचारियों को मरम्मत कार्य करने में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। पोल तक पहुँचने के लिए कोई सीधा रास्ता न होने के कारण कर्मचारियों को संकरे रास्तों, दूसरों के अहातों या जान जोखिम में डालकर मरम्मत का काम पूरा करना पड़ रहा है।
अधिकारियों की चुप्पी पर उठ रहे सवाल
आश्चर्य की बात यह है कि इस गंभीर अव्यवस्था और शासकीय संपत्ति/स्थान पर अतिक्रमण की पूरी जानकारी होने के बावजूद नंदिनी BSP SAIL प्रबंधन और जिम्मेदार अधिकारी पूरी तरह मौन साधे हुए हैं। टाउनशिप क्षेत्र में लगातार बढ़ रहे अवैध कब्जों पर न तो कोई बेदखली का नोटिस जारी किया जा रहा है और न ही कोई ठोस कार्रवाई देखने को मिल रही है।
प्रबंधन की इस रहस्यमयी चुप्पी से टाउनशिप के नियमों का पालन करने वाले निवासियों और लगातार ग्राउंड पर काम करने वाले कर्मचारियों में भारी आक्रोश व्याप्त है। यदि समय रहते इन अवैध कब्जों को हटाकर गलियों को मुक्त नहीं कराया गया, तो भविष्य में किसी बड़े विद्युत हादसे या आपातकालीन स्थिति के दौरान गंभीर परिणाम भुगतने पड़ सकते हैं।



