पामगढ़ नगर पंचायतभवन को लेकर अब घोषणा नहीं,काम चाहिए: रोमा
पामगढ़। नगर पंचायत के जर्जर भवन में कर्मचारियों और आम नागरिकों की सुरक्षा को देखते हुए अब केवल घोषणा नहीं, बल्कि धरातल पर निर्माण कार्य शुरू करने की मांग उठ रही है। नए नगर पंचायत भवन के लिए करीब एक करोड़ रुपये की स्वीकृति और निविदा प्रक्रिया पूरी होने के बाद अब निर्माण कार्य शुरू होने की स्पष्ट समयसीमा तय किए जाने की जरूरत है।
इसी मांग को लेकर सुश्री रोमा परसराम भारद्वाज ने छत्तीसगढ़ शासन के नगरीय निकाय मंत्री श्री अरुण साहू को पत्र लिखकर पामगढ़ नगर पंचायत के नए भवन का निर्माण कार्य जल्द शुरू कराने तथा इस संबंध में आवश्यक कार्रवाई किए जाने का आग्रह किया है।
पत्र में भवन की वर्तमान स्थिति, निर्माण की आवश्यकता तथा स्वीकृति और निविदा प्रक्रिया के बाद अब तक हुई कार्रवाई की जानकारी सार्वजनिक करने की मांग भी उठाई गई है। साथ ही निर्माण कार्य शुरू करने और उसे निर्धारित समयसीमा में पूरा कराने की दिशा में आवश्यक कदम उठाने का आग्रह किया गया है।
सुश्री रोमा परसराम भारद्वाज का कहना है कि नगर पंचायत भवन को लेकर घोषणा और निविदा प्रक्रिया हो चुकी है, इसलिए अब जनता को निर्माण कार्य शुरू होने का इंतजार है। उन्होंने कहा कि स्वीकृत राशि, निविदा क्रमांक, निविदा की तिथि, चयनित एजेंसी या ठेकेदार, कार्यादेश तथा अब तक की पूरी कार्यवाही की जानकारी सार्वजनिक होनी चाहिए।
पामगढ़ की जनता को अब तिरपाल के सहारे नहीं, बल्कि सुरक्षित और व्यवस्थित नगर पंचायत भवन चाहिए। घोषणा हो चुकी है, निविदा प्रक्रिया भी हो चुकी है—अब निर्माण और जवाबदेही जमीन पर दिखाई देनी चाहिए।




