Blog

कलेक्टर सुश्री चौधरी ने नगरीय निकायों के अधिकारियों की ली समीक्षा बैठक

सफाई और सौंदर्यीकरण पर विशेष फोकस, सिंगल यूज प्लास्टिक पर कड़ी कार्रवाई के निर्देश

कलेक्टर सुश्री चौधरी ने नगरीय निकायों के अधिकारियों की ली समीक्षा बैठक

स्वच्छता सर्वेक्षण 2024 के मानक मापदण्डों के अनुरूप तैयारियों का कलेक्टर ने लिया जायजा

स्वच्छता सर्वेक्षण पर विशेष ध्यान दिया जाए

सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग करने वालों पर होगी सख्त कार्यवाही

       दुर्ग। कलेक्टर सुश्री ऋचा प्रकाश चौधरी ने आज कलेक्टोरेट सभाकक्ष में नगरीय निकाय के अधिकारियों की समीक्षा बैठक ली। बैठक में उन्होंने अधिकारियों से स्वच्छता सर्वेक्षण 2024 के मानक मापदण्डों के अनुरूप तैयारियों का जायजा लिया। कलेक्टर ने अधिकारियों को स्वच्छता सर्वेक्षण के लिए नगरीय निकायों में सफ़ाई के साथ-साथ सौंदर्यीकरण पर भी फोकस करने कहा। उन्होंने कहा कि नगरीय निकायों के वार्डों में स्वच्छता निरीक्षण हेतु अधिकारियों को पांच-पांच वार्डों का भ्रमण कर जानकारी संबंधित सीएमओ को अवगत कराने के दायित्व सौंपे गये हैं। अधिकारियों द्वारा प्राप्त सुझाव के अनुरूप सुधार करने कहा। उन्होंने निर्धारित मापदण्डों के अनुरूप सफाई पर विशेष ध्यान रखने को कहा। इसी दौरान उन्होंने नगरीय निकायों में डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण, सेग्रीगेशन, वेस्ट मैनेजमेंट, सीटी ब्यूटीफिकेशन इत्यादि विषयों पर भी फोकस कर योजनाबद्ध तरीके से क्रियान्वयन करने अधिकारियों को निर्देशित किया। साथ ही उन्होंने सिंगल यूज प्लास्टिक के प्रयोग को कम करने के लिए विशेष अभियान चलाने की बात कही। उन्होंने कहा सिंगल यूज प्लास्टिक के उपयोग पर रोक लगाने उपयोगकर्ताओं पर चालान लगाये जाए, इसके बावजूद सिंगल यूज प्लास्टिक प्रयोग करते पाए जाने पर कड़ी कार्यवाही की जाए।

       बैठक में नगर निगम भिलाई के आयुक्त श्री देवेश ध्रुव, जिला पंचायत के सीईओ श्री अश्वनी देवांगन, सहायक कलेक्टर श्री एम. भार्गव, नगर निगम दुर्ग के आयुक्त श्री लोकेश चन्द्राकर, नगर निगम रिसाली के आयुक्त श्रीमती मोनिका वर्मा, नगर निगम भिलाई चरोदा के आयुक्त श्री दशरथ राजपूत, संयुक्त कलेक्टर श्री हरवंश सिंह मिरी एवं श्री विरेन्द्र सिंह, सभी एसडीएम, सभी जनपद सीईओ, नगरीय निकायों के सीएमओ सहित समस्त विभाग के जिला प्रमुख अधिकारी उपस्थित थे।

 

 

 

सक्षम आंगनबाड़ी एवं पोषण 2.0 अंतर्गत 01 सितम्बर 2024 से 30 सितम्बर 2024 तक पोषण माह का आयोजन

कलेक्टर ने जिला/विकासखण्ड, ग्राम स्तर एवं प्रत्येक केन्द्र स्तर पर पोषण माह का आयोजन कराने संबंधित अधिकारियों को दिए निर्देश

       दुर्ग। कलेक्टर सुश्री ऋचा प्रकाश चौधरी के निर्देशानुसार जिले में सक्षम आंगनबाड़ी एवं पोषण 2.0 अंतर्गत 01 सितम्बर 2024 से 30 सितम्बर 2024 तक पोषण माह का आयोजन किया जा रहा है। इसी संबंध में आज कलेक्टर सुश्री चौधरी की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागृह में बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों से अभियान के क्रियान्वयन की विस्तारपूर्वक जानकारी ली। महिला एवं बाल विकास विभाग अधिकारी श्री अजय शर्मा ने अवगत कराया कि इस योजना का संचालन 01 अगस्त 2022 से किया जा रहा है। पूर्व वर्षों में आयोजित पोषण माह/पोषण पखवाड़ों में विभिन्न सहयोगी विभागों एवं डेव्हलेपमेंट संस्थाओं का सकिय एवं परिणाममूलक सहयोग प्राप्त होता रहा है। जनसमुदाय तक स्वास्थ्य पोषण एवं स्वच्छता संबंधित व्यापक एवं प्रभावी व्यवहार परिवर्तन हेतु जनआंदोलन के रूप में प्रतिवर्ष राष्ट्रीय पोषण माह का आयोजन किया जा रहा है।

       कलेक्टर सुश्री चौधरी ने पोषण माह के प्रभावी सुचारू एवं परिणाममूलक आयोजन तथा गतिविधियों के आयोजन में  जनप्रतिनिधियों, पंचायतीराज संस्थाओं के प्रतिनिधियों, स्थानीय निकाय के प्रतिनिधि, सहयोगी विभागों, स्वयं सेवी संस्थाओं, सार्वजनिक एवं निजी क्षेत्रों की सकिय भागीदारी, महिला स्व-सहायता समूहों, महिला मण्डली, नेहरू युवा केन्द्रों, नेशनल कैडिट कोर, राष्ट्रीय सेवा योजना आदि की सकिय भागीदारी सुनिश्चित किए जाने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी सहयोगी विभागों के मैदानी अमले के मध्य प्रभावी समन्वय स्थापित करते हुए जिला/विकासखण्ड, ग्राम स्तर एवं प्रत्येक केन्द्र स्तर पर पोषण माह का आयोजन किया जाना सुनिश्चित करने कहा।

       कलेक्टर सुश्री चौधरी ने कहा कि पोषण माह 2024 का मुख्य उद्देश्य पोषण पंचायतों को सक्रिय करना है, इस हेतु ग्राम स्तर पर सरपंच एवं ग्राम पंचायतों को गतिविधियों का आधार बनाते हुए जनआंदोलन को जनभागीदारी के रूप में परिवर्तित करना है। बैठक के दौरान उन्होंने राष्ट्रीय पोषण माह 2024 में मुख्य रूप से एनीमिया, वृद्धि निगरानी, पूरक आहार, पोषण भी पढ़ाई भी, बेहतर प्रशासन, पारदर्शिता और कुशल सेवा वितरण के लिए प्रौद्योगिकी, समग्र पोषण इत्यादि थीम्स पर गतिविधियाँ आयोजित कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा पोषण माह 2024 अंतर्गत पंचायतीराज संस्थाओं, नगरीय निकायों, सहयोगी विभागों स्वयंसेवी संस्थाओं, महिला स्व-सहायता समूहों, महिला मण्डलों, युवा समूहों, नेहरू युवा केन्द्रों, राष्ट्रीय सेवा योजना, नेशनल कैडेट कोर आदि के साथ समन्वय कर जिला स्तर पर स्थानीय परिस्थितियों के अनुसार कार्ययोजना तैयार कर पोषण माह सितम्बर 2024 का प्रभावी आयोजन किया जाए। कलेक्टर ने सभी संबंधित अधिकारियों को विशेष रूप से निर्देशित करते हुए कहा कि पोषण माह के दौरान की जाने वाली समस्त गतिविधियों को जनआंदोलन के डैशबोर्ड पोर्टल पर अनिवार्यतः उपलब्ध कराई जाए। साथ ही उन्होेंने सभी सहयोगी विभागों को भी उनके स्तर से की जा रही गतिविधियों की प्रगति की डाटा एंट्री जनआंदोलन डैशबोर्ड पर नियमित रूप से किया जाना सुनिश्चित करने कहा।

       बैठक में नगर निगम भिलाई के आयुक्त श्री देवेश ध्रुव, सहायक कलेक्टर श्री एम. भार्गव, जिला पंचायत के सीईओ श्री अश्वनी देवांगन, एसडीएम दुर्ग श्री हरवंश सिंह मिरी, नगर निगम दुर्ग के आयुक्त श्री लोकेश चन्द्राकर, संयुक्त कलेक्टर श्री मुकेश रावटे, स्वास्थ्य विभाग के अधिकारीगण सहित समस्त संबंधित विभागों के जिला प्रमुख अधिकारी उपस्थित थे।

 

 

 

 

मृतक के परिजनों को मिली 4 लाख रूपए की आर्थिक सहायता

       दुर्ग। कलेक्टर सुश्री ऋचा प्रकाश चौधरी ने दुर्घटना में मृतक के परिजनों को 4 लाख रूपए की आर्थिक सहायता अनुदान राशि स्वीकृत की है। प्राप्त जानकारी के अनुसार शॉप नं. 83 पं. रविशंकर शुक्ला मार्केट पावर हाउस भिलाई तहसील भिलाई-3 जिला दुर्ग निवासी श्री प्रवीण कुमार मिर्कप की विगत 04 अगस्त 2019 को नहाते समय गहरे पानी में डूबने से मृत्यु हो गई थी।
    कलेक्टर द्वारा शासन के राजस्व एवं आपदा प्रबंधन के प्रावधानों के अनुरूप स्व. प्रवीण कुमार मिर्कप के पिता श्री प्रभाकर मिर्कप को 4 लाख रूपए की आर्थिक सहायता अनुदान राशि स्वीकृत की गई है।

 

 

 

70 पदों के लिए 30 अगस्त को प्लेसमेंट कैम्प का आयोजन

       दुर्ग। जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केंद्र दुर्ग द्वारा जिले में नियोजक द्वारा उपलब्ध 70 रिक्त पदों को भरने के लिए 30 अगस्त 2024 को सुबह 10.30 बजे से जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केन्द्र दुर्ग में प्लेसमेंट कैम्प का आयोजन किया जाएगा। प्लेसमेंट कैम्प में नियोजक टोटल कंट्रोल सिक्योरिटी प्राइवेट लिमिटेड द्वारा सिक्योरिटी गार्ड के 50 उपं सिक्योरिटी सुपरवाईजर के 20 पदों पर भर्ती की जाएगी। जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केन्द्र दुर्ग के उपसंचालक श्री आर.के. कुर्रे से मिली जानकारी के अनुसार इच्छुक आवेदक समस्त शैक्षणिक मूल प्रमाण एवं अंकसूची, पहचान पत्र (मतदाता परिचय पत्र, आधार कार्ड, पेन कार्ड, ड्रायविंग लाइसेंस, राशन कार्ड) रोजगार कार्यालय का पंजीयन पत्रक, छ.ग. निवास प्रमाण पत्र, जाति प्रमाण पत्र के साथ उपस्थित हो सकते है। पदों, योग्यता, आयु एवं अनुभव से संबंधित जानकारी आवेदक प्लेसमेंट केम्प स्थल पर प्राप्त कर सकते हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Check Also
Close
Back to top button

Adblock Detected

Please consider supporting us by disabling your ad blocker