संविधान के सम्मान में दौड़ी ‘रन फॉर अंबेडकर’ मैराथन, राहुल गांधी ने दिखाई हरी झंडी
नई दिल्ली।भारत रत्न भीमराव अंबेडकर की जयंती के अवसर पर “रन फॉर अंबेडकर, रन फॉर संविधान” के तहत आयोजित मैराथन दौड़ को नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने नई दिल्ली के मंडी हाउस से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह दौड़ लगभग 8 किलोमीटर की दूरी तय करते हुए परिनिर्वाण भूमि (26 अलीपुर रोड) तक पहुँची, जहां प्रतिभागियों ने बाबासाहेब को श्रद्धांजलि अर्पित की।
इस आयोजन में बड़ी संख्या में युवाओं और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। दौड़ पूरी करने वाले प्रतिभागियों को प्रोत्साहन राशि के साथ प्रमाण पत्र भी प्रदान किए गए।
दौड़ में शामिल प्रतिभागियों ने बताया कि कुछ को पुरानी चोट के कारण तकलीफ का सामना करना पड़ा, लेकिन मजबूत इरादों और संविधान के प्रति सम्मान ने उन्हें दौड़ पूरी करने की प्रेरणा दी। इसे उन्होंने बाबासाहेब अंबेडकर को सच्ची श्रद्धांजलि बताया।
कार्यक्रम में भिलाई से बलराम कोलते तथा भिलाई निगम लक्ष्मी नगर के पार्षद श्री गवई जी की भी विशेष उपस्थिति रही। आयोजन ने समाज में संविधान के मूल्यों और समानता के संदेश को मजबूत करने का काम किया।




