दुर्ग रेलवे स्टेशन पर जरूरतमंदों को कराया गया निशुल्क भोजन, प्रेस क्लब पत्रकार संघ की मानवीय पहल
दुर्ग। प्रेस क्लब पत्रकार संघ, दुर्ग ने सामाजिक सरोकार और मानवीय संवेदनाओं का परिचय देते हुए रविवार को दुर्ग रेलवे स्टेशन परिसर में गरीब, जरूरतमंद एवं असहाय लोगों के लिए निशुल्क भोजन वितरण का आयोजन किया। इस सेवा कार्य में बड़ी संख्या में जरूरतमंदों को सम्मानपूर्वक भोजन कराया गया।
कार्यक्रम में दुर्ग ग्रामीण विधायक ललित चंद्राकर, नगर निगम दुर्ग की महापौर अलका बाघमार, समाजसेवी कैलाश बारमेचा, पिनेकल क्लब के सदस्य, पार्षदगण तथा शहर के अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने प्रेस क्लब पत्रकार संघ की इस पहल की सराहना करते हुए इसे सामाजिक उत्तरदायित्व का प्रेरणादायक उदाहरण बताया।
विधायक ललित चंद्राकर ने कहा कि पत्रकार केवल समाचारों के माध्यम से समाज को जागरूक करने तक सीमित नहीं हैं, बल्कि सामाजिक दायित्वों का निर्वहन करते हुए सेवा कार्यों में भी सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रेस क्लब पत्रकार संघ का यह प्रयास अनुकरणीय है और भविष्य में भी ऐसे आयोजन निरंतर होते रहने चाहिए।
महापौर अलका बाघमार ने अपने संबोधन में कहा कि पत्रकार लोकतंत्र के महत्वपूर्ण स्तंभ हैं। संगठन द्वारा जरूरतमंद लोगों के लिए किया गया यह सेवा कार्य मानवता और सामाजिक सहयोग की उत्कृष्ट मिसाल है। ऐसे आयोजन समाज में सेवा, संवेदना और सहभागिता की भावना को और मजबूत करते हैं।
इस अवसर पर जन समर्पण सेवा संस्थान, दुर्ग के प्रमुख बंटी योगेंद्र शर्मा का भी प्रेस क्लब पत्रकार संघ द्वारा सम्मान किया गया। उन्हें पिछले पांच वर्षों से निरंतर जरूरतमंदों के लिए भोजन सेवा संचालित करने के लिए शॉल, श्रीफल एवं स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित जनप्रतिनिधियों, समाजसेवियों एवं नागरिकों ने प्रेस क्लब पत्रकार संघ की इस मानवीय पहल की मुक्तकंठ से सराहना करते हुए इसे समाज में सेवा और सहयोग की संस्कृति को सशक्त बनाने वाला प्रयास बताया।




