दुर्ग-भिलाई

दुर्ग में फिर गहराया केबल वॉर: ग्रैंड विजन के लोगों पर केबल काटने का आरोप, अशोक शर्मा ने कलेक्टर और SSP से की शिकायत

दुर्ग। शहर में एक बार फिर व्यापारिक प्रतिस्पर्धा के चलते ‘केबल वॉर’ की आहट सुनाई देने लगी है, जिससे दुर्ग-भिलाई के शांत माहौल में तनाव का खतरा मंडराने लगा है। GTPL कंपनी से जुड़कर केबल नेटवर्क संचालित करने वाले स्थानीय व्यवसायी अशोक शर्मा ने आरोप लगाया है कि उनके क्षेत्र में बिछाए गए केबल को प्रतिस्पर्धा के चलते निशाना बनाया जा रहा है।
​अशोक शर्मा का कहना है कि वे बीते लंबे समय से शहरवासियों को स्वस्थ मनोरंजन मुहैया करा रहे हैं, लेकिन हाल के दिनों में ग्रैंड विजन के प्रमुख गुरचरण सिंह से जुड़े लोगों द्वारा उनके दुर्ग के बोरसी और उससे लगे कार्यक्षेत्र में बिछाए गए केबल तार को जगह-जगह से काटा जा रहा है। केबल कटने से कई इलाकों में प्रसारण पूरी तरह बाधित हो गया है, जिससे उपभोक्ताओं को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है और व्यवसायी को आर्थिक नुकसान हो रहा है।
​प्रशासनिक अधिकारियों से कड़ी कार्रवाई की मांग
​इस दबंगई से परेशान होकर अशोक शर्मा ने मामले की लिखित शिकायत दुर्ग के जिला कलेक्टर और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) से की है। उन्होंने पुलिस प्रशासन को साक्ष्य सौंपते हुए केबल काटने वाले असमाजिक तत्वों और इसके पीछे शामिल मुख्य षड्यंत्रकारियों पर तत्काल कड़ी कानूनी कार्रवाई करने की गुहार लगाई है।
​​गौरतलब है कि दुर्ग-भिलाई क्षेत्र में केबल वर्चस्व को लेकर पहले भी कई बार विवाद, मारपीट और माहौल खराब होने की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। पूर्व में आए दिन होने वाली केबल कटिंग की घटनाओं पर जिला प्रशासन ने कड़ा संज्ञान लिया था, जिसके बाद पुलिस की सख्ती से इस अवैध कारोबार और दबंगई पर काफी हद तक अंकुश लग गया था।
​हालांकि, अब एक बार फिर से खुलेआम केबल कटाई का दौर शुरू होने से शहर के व्यापारियों और आम नागरिकों में चिंता बढ़ गई है। समय रहते यदि पुलिस प्रशासन ने दोषियों पर शिकंजा नहीं कसा, तो क्षेत्र की कानून-व्यवस्था एक बार फिर प्रभावित हो सकती है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

Adblock Detected

Please consider supporting us by disabling your ad blocker