छत्तीसगढ़

सेवा की कहानी: पीएम सूर्य घर योजना से मनोरंजन सिंह का घर बना ऊर्जा आत्मनिर्भर, बिजली खर्च में मिली बड़ी राहत

सेवा संकल्प अभियान 

 

5 किलोवाट का रूफटॉप सोलर संयंत्र बना घर की बिजली का सहारा, केंद्र और राज्य से मिली कुल 1.08 लाख रुपये की सब्सिडी

अम्बिकापुर शहर और ग्रामीण क्षेत्र के 1,441 घरों में लग चुके हैं सोलर संयंत्र, स्वच्छ ऊर्जा की ओर बढ़ रहे परिवार

रायपुर, घर की छत पर लगा सोलर पैनल अब परिवारों की बिजली जरूरत पूरी करने के साथ उनके मासिक खर्च में बचत का माध्यम भी बन रहा है। प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना का लाभ लेकर सरगुजा जिले के ग्राम जरहाडढ़ निवासी मनोरंजन सिंह ने अपने घर में 5 किलोवाट क्षमता का रूफटॉप सोलर संयंत्र स्थापित कराया है। सौर ऊर्जा से घर की बिजली जरूरतें पूरी होने से परंपरागत बिजली पर निर्भरता कम हुई है और परिवार को बिजली खर्च में राहत मिली है।

1.08 लाख रुपये की सब्सिडी से सोलर संयंत्र लगाना हुआ आसान

प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत रूफटॉप सोलर संयंत्र स्थापित करने के लिए केंद्र सरकार के साथ राज्य सरकार की ओर से भी आर्थिक सहायता दी जा रही है। 5 किलोवाट के सोलर संयंत्र पर केंद्र सरकार से 78 हजार रुपये और राज्य सरकार से 30 हजार रुपये मिलाकर कुल 1 लाख 8 हजार रुपये की सब्सिडी से हितग्राहियों के लिए शुरुआती लागत का भार कम हो रहा है।

इसी व्यवस्था का लाभ लेकर मनोरंजन सिंह ने अपने घर को सौर ऊर्जा से जोड़ा है। दिन के समय सोलर संयंत्र से उत्पादित बिजली का उपयोग घर की जरूरतों को पूरा करने में हो रहा है। इससे परिवार की नियमित बचत भी बढ़ी है।

“बिजली खर्च कम हुआ, ऊर्जा आत्मनिर्भरता बढ़ी

मनोरंजन सिंह बताते हैं कि सोलर संयंत्र स्थापित होने के बाद बिजली खर्च में राहत मिली है। सूर्य की रोशनी से घर की छत पर ही बिजली का उत्पादन होने से दैनिक बिजली जरूरतों को पूरा करने में सुविधा हो रही है। उन्होंने योजना को परिवारों के लिए आर्थिक बचत के साथ स्वच्छ ऊर्जा अपनाने का बेहतर माध्यम बताया।

उन्होंने अन्य परिवारों से भी योजना की जानकारी लेकर पात्रतानुसार इसका लाभ लेने की अपील की।

उपभोक्ता के साथ ऊर्जा उत्पादक भी बन रहे परिवार

रूफटॉप सोलर संयंत्र से घर अपनी जरूरत की बिजली स्वयं पैदा कर सकता है। निर्धारित प्रक्रिया के तहत जरूरत से अधिक उत्पादित बिजली ग्रिड में भेजी जा सकती है। इस व्यवस्था से परिवार बिजली के उपभोक्ता होने के साथ ऊर्जा उत्पादन में भी भागीदार बन रहे हैं।

अम्बिकापुर शहर और ग्रामीण क्षेत्र के 1,441 घरों में सोलर संयंत्र

पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना का दायरा शहरी और ग्रामीण दोनों क्षेत्रों में बढ़ रहा है। विद्युत विभाग के अनुसार अम्बिकापुर शहर में 1,136 और अम्बिकापुर ग्रामीण क्षेत्र में 305 घरों में सोलर संयंत्र स्थापित किए जा चुके हैं। इस प्रकार दोनों क्षेत्रों में कुल 1,441 घर सौर ऊर्जा से जुड़ चुके हैं।

सेवा संकल्प अभियान के तहत मनोरंजन सिंह की यह ‘सेवा की कहानी’ घर की छत से ऊर्जा आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ते बदलाव की तस्वीर पेश करती है। रूफटॉप सोलर से बिजली खर्च में राहत के साथ स्वच्छ और नवीकरणीय ऊर्जा के उपयोग को बढ़ावा मिल रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

Adblock Detected

Please consider supporting us by disabling your ad blocker