नंदिनी थाना प्रभारी होंगे अनिल पटेल
दुर्ग पुलिस में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल
वैशाली नगर से सुपेला तक बदले थाना प्रभारी, 10 निरीक्षक-उपनिरीक्षकों के तबादले
दुर्ग पुलिस अधीक्षक कार्यालय ने शनिवार को बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए जिले के 10 थाना और चौकी प्रभारियों के तबादले के आदेश जारी किए हैं। वैशाली नगर, पद्मनाभपुर, धमधा, नंदनी, उतई, सुपेला, पुरानी भिलाई, छावनी और स्मृति नगर चौकी सहित कई महत्वपूर्ण पुलिस इकाइयों में नए अधिकारियों की तैनाती की गई है। इस बदलाव को कानून व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।
मुख्य बदलाव:
वैशाली नगर थाना प्रभारी निरीक्षक प्रशांत मिश्रा को एसीसीयू दुर्ग का प्रभारी बनाया गया है, जबकि एसीसीयू में पदस्थ प्रमोद रूसिया अब पद्मनाभपुर थाना प्रभारी होंगे। नियंत्रण कक्ष भिलाई से महेश ध्रुव को धमधा थाना की जिम्मेदारी सौंपी गई है। पद्मनाभपुर से राजकुमार लहरे को वैशाली नगर थाना प्रभारी बनाया गया है।
वहीं विजय यादव को सुपेला से पुरानी भिलाई और अंबर सिंह भारद्वाज को पुरानी भिलाई से सुपेला थाना भेजा गया है। अनिल पटेल को उतई से नंदनी, राजेश साहू को स्मृति नगर चौकी से उतई, रामनारायण ध्रुव को धमधा से छावनी और अमित अंदानी को छावनी से स्मृति नगर चौकी का प्रभार दिया गया है।
पुलिस विभाग का कहना है कि यह फेरबदल प्रशासनिक आधार पर किया गया है। अब सभी की नजर नए थाना प्रभारियों की कार्यशैली और अपराध नियंत्रण को लेकर उनकी रणनीति पर रहेगी।




