माननीय मुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी जी ने आज ऊर्जा ऑडिटोरियम, राजवंशीनगर, पटना में खेल विभाग द्वारा आयोजित कार्यक्रम में ‘मेडल लाओ, नौकरी पाओ’ योजना के अंतर्गत अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों आकाश दीप एवं मुकेश कुमार सहित कुल 19 उत्कृष्ट खिलाड़ियों को नियुक्ति-पत्र प्रदान कर उन्हें उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएँ दीं।
पटना,माननीय मुख्यमंत्री जी ने कहा कि बिहार में खिलाड़ियों के लिए सुनहरे भविष्य का नया अध्याय शुरू हो चुका है। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को सरकारी सेवा में नियुक्ति देकर सरकार ने यह संदेश दिया है कि प्रतिभा, परिश्रम और उपलब्धियों का सम्मान हर स्तर पर किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि यह बिहार के लिए गर्व का विषय है कि पहली बार किसी खिलाड़ी को डीएसपी जैसे उच्च पद पर नियुक्ति दी गई है। यह निर्णय राज्य के युवाओं को खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए नई प्रेरणा और आत्मविश्वास देगा।
माननीय मुख्यमंत्री जी ने प्रत्येक पंचायत में खेल प्रतिभाओं की खोज के लिए विशेष अभियान चलाने, विश्वस्तरीय खेल अवसंरचना विकसित करने तथा बिहार के खिलाड़ियों को ओलंपिक, विश्व कप, एशियन गेम्स, कॉमनवेल्थ गेम्स और आईपीएल जैसे वैश्विक मंचों तक पहुँचाने का संकल्प दोहराया।




