बिहार

स्वतंत्रता दिवस समारोह एवं “हर घर तिरंगा अभियान-2026” की तैयारियों को लेकर जिला पदाधिकारी ने की समीक्षा बैठक

आज दिनांक 05 अगस्त 2026 को जिला पदाधिकारी, बक्सर श्रीमती साहिला की अध्यक्षता में समाहरणालय परिसर स्थित सभाकक्ष में स्वतंत्रता दिवस समारोह-2026 एवं “हर घर तिरंगा अभियान-2026” के सफल आयोजन को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गई।

बैठक में “हर घर तिरंगा अभियान-2026” के सफल क्रियान्वयन हेतु संबंधित सभी पदाधिकारियों को विस्तृत दिशा-निर्देश दिए गए।

जिला पदाधिकारी ने बताया कि इस वर्ष “हर घर तिरंगा अभियान” का आयोजन “वंदे मातरम् के 150 वर्ष” की थीम पर किया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य प्रत्येक नागरिक के घर, कार्यालय एवं सार्वजनिक स्थलों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराकर देशभक्ति, राष्ट्रगौरव एवं राष्ट्रीय एकता की भावना को सुदृढ़ करना तथा जनसहभागिता को व्यापक स्तर पर सुनिश्चित करना है।

उन्होंने निर्देश दिया कि अभियान के अंतर्गत विद्यालयों, महाविद्यालयों एवं अन्य सार्वजनिक संस्थानों में देशभक्ति पर आधारित विविध कार्यक्रम आयोजित किए जाएँ तथा युवाओं एवं आम नागरिकों की अधिकतम सहभागिता सुनिश्चित की जाए।

जिला पदाधिकारी ने सभी सरकारी कार्यालयों, शैक्षणिक संस्थानों, ग्राम पंचायतों, नगर निकायों, बाजारों एवं प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर तिरंगा एवं “वंदे मातरम्” विषयक प्रदर्शनी, तिरंगा रैली/यात्रा, “सेल्फी विद तिरंगा” अभियान, तिरंगा थीम आधारित प्रकाश सज्जा, तिरंगा रंगोली, “वंदे मातरम्” का सामूहिक गायन, सरकारी भवनों का त्रिवर्णीय प्रकाशांकन तथा जनजागरूकता कार्यक्रमों के आयोजन की समुचित तैयारी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

जिला शिक्षा पदाधिकारी, बक्सर को निर्देशित किया गया कि विद्यालयों में तिरंगा एवं “वंदे मातरम्” विषयक प्रदर्शनी, “सेल्फी विद तिरंगा” अभियान, ऑनलाइन क्विज, तिरंगा रंगोली, सामूहिक “वंदे मातरम्” गायन, चित्रकला, निबंध एवं लेखन प्रतियोगिताओं का आयोजन कराया जाए।

प्रत्येक वर्ष की भाँति इस वर्ष भी स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर मुख्य झंडोत्तोलन समारोह किला मैदान, बक्सर में आयोजित किया जाएगा। इसके अतिरिक्त सभी सरकारी कार्यालयों के साथ-साथ महादलित टोलों में भी विभिन्न वरीय पदाधिकारियों द्वारा ध्वजारोहण किया जाएगा।

प्रभारी पदाधिकारी, जिला सामान्य शाखा, बक्सर को निर्देश दिया गया कि स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जिला मुख्यालय स्थित महापुरुषों की प्रतिमाओं पर जिले के वरीय पदाधिकारियों द्वारा माल्यार्पण कार्यक्रम हेतु सभी आवश्यक व्यवस्थाएँ समय पर सुनिश्चित की जाएँ।

कार्यपालक पदाधिकारी, नगर परिषद, बक्सर को किला मैदान, प्रवेश मार्ग एवं आसपास के क्षेत्रों की विशेष साफ-सफाई तथा स्वच्छता व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।

कार्यपालक अभियंता, भवन प्रमंडल, बक्सर को किला मैदान में रंग-रोगन, वॉच टावर की व्यवस्था एवं बैरिकेडिंग का कार्य समय पर पूर्ण कराने का निर्देश दिया गया।

असैनिक शल्य चिकित्सक-सह-मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी, बक्सर को स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान किला मैदान में जीवनरक्षक दवाओं, चिकित्सकों, मेडिकल टीम एवं एम्बुलेंस की उपलब्धता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।

बैठक में स्वतंत्रता दिवस समारोह एवं “हर घर तिरंगा अभियान-2026” के सफल आयोजन हेतु सभी विभागों के बीच समन्वय स्थापित कर निर्धारित समय-सीमा के भीतर सभी तैयारियाँ पूर्ण करने पर विशेष बल दिया गया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

Adblock Detected

Please consider supporting us by disabling your ad blocker