मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने ₹100 करोड़ से अधिक की परियोजनाओं की समीक्षा की, समयबद्ध पूर्णता के दिए निर्देश
पटना। माननीय मुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी ने आज लोक सेवक आवास स्थित ‘संकल्प’ सभागार में ‘बिहार गति’ के अंतर्गत चिन्हित परियोजनाओं, ₹100 करोड़ से अधिक लागत वाली परियोजनाओं तथा केंद्र प्रायोजित योजनाओं की विस्तृत समीक्षा की।
बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने सभी विभागों को निर्देश दिया कि प्रत्येक परियोजना को निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरा किया जाए। उन्होंने परियोजनाओं की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने, कार्यों में आने वाली बाधाओं का त्वरित समाधान करने तथा निर्माण कार्यों में तेजी लाने पर विशेष जोर दिया।
समीक्षा के दौरान मुख्यमंत्री ने कोसी-मेची इंटर स्टेट लिंक, नॉर्थ कोयल जलाशय, मांडा वीयर, वाराणसी-रांची-कोलकाता 6-लेन कॉरिडोर, आमस-दरभंगा फोर-लेन तथा कन्हौली-शेरपुर (एनएच-131 जी) 6-लेन परियोजना की प्रगति का विस्तृत आकलन किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को इन महत्वपूर्ण परियोजनाओं को शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए।
बैठक में टीबी मुक्त भारत अभियान की भी समीक्षा की गई। मुख्यमंत्री ने राज्यभर में व्यापक टीबी स्क्रीनिंग अभियान चलाने, सभी टीबी केंद्रों को पूरी तरह कार्यशील बनाने, जन-जागरूकता कार्यक्रमों को प्रभावी ढंग से संचालित करने तथा प्रत्येक टीबी मरीज को समय पर जांच और उपचार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि विकास परियोजनाओं की समय पर पूर्णता और स्वास्थ्य सेवाओं की मजबूती राज्य के समग्र विकास की प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों से योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए समन्वय के साथ कार्य करने और प्रगति की नियमित समीक्षा सुनिश्चित करने को कहा।




