21,000 करोड़ के सड़क एवं पुल विकास हेतु बिहार सरकार और नाबार्ड के बीच एमओयू पर हस्ताक्षर
पटना, 7 अगस्त। माननीय मुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी जी की उपस्थिति में आज लोक सेवक आवास स्थित ‘संकल्प’ सभागार में पथ निर्माण विभाग एवं राष्ट्रीय कृषि और ग्रामीण विकास बैंक (नाबार्ड) के बीच राज्य में सड़क एवं पुल अवसंरचना के विकास के लिए ₹21,000 करोड़ के दीर्घकालिक वित्त पोषण संबंधी समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी जी ने कहा कि इस महत्वपूर्ण समझौते का उद्देश्य बिहार में सड़कों एवं पुलों के निर्माण कार्यों के लिए आवश्यक वित्तीय सहायता सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार बेहतर एवं आधुनिक सड़क अवसंरचना के निर्माण के लिए लगातार कार्य कर रही है, जिससे ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों के बीच संपर्क और अधिक मजबूत हो सके।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि बिहार के विकास में नाबार्ड का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क, पुल एवं अन्य आधारभूत संरचनाओं के विकास में नाबार्ड की भूमिका सराहनीय रही है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि इस नए समझौते से राज्य में अधोसंरचना विकास को और अधिक गति मिलेगी तथा लोगों को बेहतर आवागमन सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री जी ने नाबार्ड के सहयोग की प्रशंसा करते हुए भविष्य में भी इसी प्रकार के सहयोग की अपेक्षा व्यक्त की। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार विकास योजनाओं को समयबद्ध और प्रभावी ढंग से पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी जी ने “नाबार्ड इन बिहार” पुस्तक का भी विमोचन किया। कार्यक्रम में पथ निर्माण विभाग एवं नाबार्ड के वरिष्ठ अधिकारियों सहित विभिन्न विभागों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।




