गया IMC को 2027 से पहले मिलेंगी सड़क और जलापूर्ति जैसी आधारभूत सुविधाएं
नई दिल्ली/पटना। मुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी ने आज वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से नई दिल्ली के अशोका होटल में आयोजित राष्ट्रीय औद्योगिक कॉरिडोर विकास एवं कार्यान्वयन ट्रस्ट (NICDIT) की शीर्ष मॉनिटरिंग अथॉरिटी की तृतीय बैठक में भाग लिया। बैठक में बिहार में उद्योग एवं पर्यटन से जुड़ी महत्वपूर्ण परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई।
मुख्यमंत्री ने कहा कि गया इंटीग्रेटेड मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर (IMC) के लिए सड़क, जलापूर्ति सहित आवश्यक आधारभूत सुविधाओं का कार्य वर्ष 2027 से पहले पूरा किया जाएगा। इसके लिए सोन नदी से फल्गू नदी में पानी लाने की दिशा में भी आवश्यक कार्यवाही की जाएगी।
उन्होंने कहा कि गया IMC में जल्द से जल्द आवश्यक आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराकर औद्योगिक विकास को गति दी जाएगी। इससे क्षेत्र में नए उद्योगों की स्थापना और रोजगार के अवसरों को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
मुख्यमंत्री ने दरभंगा एवं मुजफ्फरपुर में प्रस्तावित परियोजनाओं की प्रगति की भी समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को इन परियोजनाओं को एक माह के भीतर पूरा करने की दिशा में आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक के दौरान पर्यटन से जुड़ी महत्वपूर्ण परियोजनाओं पर भी चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने विष्णुपद मंदिर एवं बोधगया कॉरिडोर के निर्माण कार्य को तेजी से पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं के समयबद्ध क्रियान्वयन से बिहार में औद्योगिक गतिविधियों के साथ-साथ पर्यटन को भी नई गति मिलेगी।




