बिहार

बिहार बंद को लेकर महनार अनुमंडल क्षेत्र में पुलिस प्रशासन अलर्ट, चप्पे-चप्पे पर तैनात जवान

महनार। छात्र आंदोलन के तहत बिहार बंद के आह्वान को लेकर शनिवार को महनार अनुमंडल क्षेत्र में पुलिस-प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए महनार अनुमंडल क्षेत्र के प्रमुख चौक-चौराहों, संवेदनशील स्थानों और मुख्य सड़कों पर भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है। वहीं पुलिस प्रशासन द्वारा लगातार गश्त और निगरानी की जा रही है।

महनार अनुमंडल पदाधिकारी अंकित कुमार एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी प्रवीण कुमार ने लोगों से किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान नहीं देने की अपील की है। अधिकारियों ने आम लोगों से शांति एवं विधि-व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करने की अपील की है।

महनार अनुमंडल क्षेत्र में एसडीएम अंकित कुमार और एसडीपीओ प्रवीण कुमार स्वयं सड़क पर उतरकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते दिखे। मदन चौक पर प्रखंड विकास पदाधिकारी मुकेश कुमार दंडाधिकारी के रूप में पुलिस बल के साथ मुस्तैद रहे। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर दंगा नियंत्रण वाहन को भी तैनात रखा गया है, ताकि किसी भी आपात स्थिति से तत्काल निपटा जा सके।

महनार एसडीओ अंकित कुमार और एसडीपीओ प्रवीण कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम प्रखंड परिसर से स्टेशन रोड होते खर्जम्मा, जामा मस्जिद, मुरौवतपुर, अंबेडकर चौक होते मदन चौक सहित महनार के विभिन्न इलाकों में फ्लैग मार्च किया जा रहा है। पुलिस प्रशासन द्वारा लगातार स्थिति पर नजर रखी जा रही है। हालांकि, खबर लिखे जाने तक महनार अनुमंडल क्षेत्र में स्थिति पूरी तरह सामान्य बनी हुई है। मुख्य सड़कों पर वाहनों का परिचालन भी सुचारू रूप से जारी है।

प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे शांति बनाए रखें और किसी भी तरह की भ्रामक सूचना या अफवाह को प्रसारित करने से बचें।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

Adblock Detected

Please consider supporting us by disabling your ad blocker