अहिवारा

सेल में संविदा कर्मियों की कटौती के विरोध में खदान मजदूर संघ का ज्ञापन, कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान की मांग

नन्दनी अहिवारा।खदान मजदूर संघ भिलाई (भारतीय मजदूर संघ संबद्ध) ने नंदिनी खदान प्रबंधन को ज्ञापन सौंपकर सेल में प्रस्तावित 40 प्रतिशत संविदा कर्मियों की कटौती का विरोध किया है। संघ ने कहा है कि बड़ी संख्या में श्रमिकों की छंटनी से मजदूर परिवारों पर गंभीर आर्थिक संकट खड़ा होगा तथा कार्यस्थल पर असंतोष का वातावरण बनेगा।

संघ के महामंत्री (केंद्रीय) उमेश कुमार मिश्रा द्वारा सौंपे गए ज्ञापन में कहा गया है कि भारतीय मजदूर संघ हमेशा श्रमिक हितों की रक्षा के लिए कार्य करता रहा है। वर्तमान में सेल प्रबंधन द्वारा संविदा कर्मियों की संख्या में भारी कटौती किए जाने की चर्चा से मजदूरों में नाराजगी और चिंता बढ़ रही है। संघ का मानना है कि श्रमिकों से जुड़े महत्वपूर्ण निर्णय संवाद और सहमति के आधार पर लिए जाने चाहिए ताकि उत्पादन और श्रमिक हित दोनों सुरक्षित रह सकें।

ज्ञापन में नंदिनी खदान के कर्मचारियों की विभिन्न समस्याओं को भी प्रमुखता से उठाया गया है। संघ ने लंबित वेतन समझौते और एरियर भुगतान, इंसेंटिव स्कीम के पुनरीक्षण, कर्मचारियों को मिलने वाली सुविधाओं में वृद्धि, सेवानिवृत्त कर्मचारियों के आवास संबंधी मुद्दों तथा अस्पताल में विशेषज्ञ चिकित्सकीय सुविधाओं की बहाली की मांग की है। इसके साथ ही कार्यालयों और विभागों में शुद्ध पेयजल की व्यवस्था, वर्षा ऋतु में जलभराव की समस्या के समाधान, सड़कों और नालियों के सुधार तथा लंबे समय से कार्यरत सफाई कर्मियों के नियमितीकरण की मांग भी की गई है।

संघ ने कहा है कि प्रबंधन श्रमिकों की समस्याओं पर गंभीरता से विचार करते हुए त्वरित समाधान सुनिश्चित करे। ज्ञापन में आशा व्यक्त की गई है कि श्रमिक हितों को ध्यान में रखते हुए सकारात्मक निर्णय लिए जाएंगे, जिससे कर्मचारियों में व्याप्त असंतोष दूर होगा और औद्योगिक वातावरण सौहार्दपूर्ण बना रहेगा।

ज्ञापन की प्रतिलिपि केंद्रीय इस्पात एवं भारी उद्योग मंत्री, इस्पात मंत्रालय, भिलाई इस्पात संयंत्र के निदेशक प्रभारी, नंदिनी खदान प्रबंधन तथा भारतीय मजदूर संघ के वरिष्ठ पदाधिकारियों को भी प्रेषित की गई है।
कार्यक्रम में प्रमुख रूप से सर्वेंद्र गुप्ता, अशोक शर्मा, राम सूजन कोरी, एन रवि, हिमत सिंह एवं सैकड़ों कर्मचारी व ठेका श्रमिक ने भाग लिया

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

Adblock Detected

Please consider supporting us by disabling your ad blocker